झांसी। त्योहारी सीजन शुरू होते ही रसोई गैस के दामों में आग लग गई है। घरेलू गैस सिलिंडर का मूल्य 900 रुपये के पार हो गया है। एक महीने में दो बार बढ़े दामों से गृहिणियों और लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं राशन पर भी छाई महंगाई भी दम निकाल रही है। ऐसे में लोग परेशान हैं कि महंगाई के बीच त्योहार कैसे मनेगा।
थाली पर महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले महीने पर रसोई गैस सिलिंडर 869 रुपये का मिल रहा था। 15 अगस्त को गैस सिलिंडर के दाम 25 रुपये बढ़ाए गए। झांसी में सिलिंडर के दाम 894 रुपये हो गए। बुधवार को फिर से रसोई गैस के दामों में 25 रुपये का इजाफा हो गया। अब घरेलू गैस सिलिंडर लोगों को 919 रुपये का मिलेगा।
इसके अलावा तेल, शक्कर, दाल और मसालों के भाव भी लगातार बढ़े हैं। इससे आम नागरिकों की थाली पर व्यापक असर पड़ने लगा है। लोगों का कहना है कि दो साल से कोरोना और लॉकडाउन की मार झेल रहे हैं। आमदनी का जरिया व्यापक रूप से प्रभावित हुआ है। राहत कहीं से भी नहीं मिल रही है। त्योहार का सीजन शुरू हो चुका है। चिंता है कि बढ़ती महंगाई में कैसे त्योहार मनाएं।
----------------
महंगाई लगातार बढ़ रही है। रसोई के लिए पूरा सामान भी ठीक से नहीं ले पाते हैं। कोरोना के कारण आमदनी भी प्रभावित हुई है।
श्वेता सिंह, अन्नपूर्णा कॉलोनी
----------------
मध्यम वर्गीय और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों को बढ़ रही महंगाई से लगातार नुकसान हो रहा है। कहीं से कोई राहत नहीं मिल रही है।
प्रतिभा सारस्वत, पठौरिया
------------------
मेहमानों का लगातार आना जाना लगा रहता है। गैस सिलिंडर के दाम भी बढ़ गए हैं और सिलिंडर में कम गैस भी आती है।
फि रदौस, मसीहागंज
----------------
अब तो बचत भी ठीक से नहीं हो पा रही है। घरेलू खर्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। तेल और अन्य खाद्य सामग्रियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
रश्मि शांडिल्य, महेंद्र पुरी कॉलोनी
------------------
खाद्यान्न सामग्री दाम
वस्तु वर्तमान दस दिन पहले
शक्कर 40 38
बेसन 70-75 65
हल्दी 100-120 100
मिर्ची 160-180 160
धनिया 100-120 90
छोला 90-105 80
अरहर की दाल 100-105 90-95
मसूर 85-95 75-80
मूंग 75-80 70
चना की दाल 70 65
सरसों का तेल 150-165 140-150
रिफ ाइंड तेल 150-155 145-150