मोंठ। थाना क्षेत्र में ग्राम कुम्हरार के पास मवेशियों से लदी लोडर, सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारते हुए खाई में पलट गई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। दो मवेशियों की भी मौत हो गई। घायलों को सीएचसी से झांसी के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
ग्राम कुम्हरार के नजदीक सौजना रोड के पास एट थाना क्षेत्र के ग्राम जमरोही निवासी मोनू (35) पुत्र पप्पू और दयाशंकर (28) पुत्र छोटेलाल खेत पर जा रहे थे। जैसे ही वे सड़क किनारे अपनी बाइक रोककर खड़े हुए, सामने से एक तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे लोडर अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गहरी खाई में गिरकर पलट गई।
इस दुर्घटना में बाइक सवार मोनू और दयाशंकर समेत लोडर चालक गोपाल यादव (29) और उसका साथी सोनू (27) पुत्र इस्मही घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रास्ते से गुजर रहे पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र यादव ने निजी वाहन से घायलों को सीएचसी मोंठ में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार कर हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर कर दिया है।
पुलिस ने बाइक तथा लोडर को अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय राहुल कुमार ने बताया कि लोडर में करीब एक दर्जन भैंसें लदी हुई थीं। जिनमें से दो भैंस के बच्चों की मौत हो गई। घायल मवेशियों को लोडर से तथा बाकी पशुओं को हांककर ले जाया गया।