झांसी। महानगर के पुलिया नंबर नौ स्थित बीच वाली मस्जिद मोहल्ले में मंगलवार सुबह चेकिंग के दौरान बिजली टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। मामले में जेई की तहरीर पर एक नामजद व पचास अज्ञात लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
मंगलवार की सुबह बिजली चेकिंग टीम उपखंड अधिकारी कन्हैया लाल के नेतृत्व में पुलिया नंबर नौ में बिजली चेकिंग कर रही थी। मस्जिद मोहल्ले में चेकिंग के दौरान एक तीन मंजिला बिल्डिंग में डायरेक्ट केबल से बिजली चोरी करते मामला पकड़ा। कर्मचारी केबल खींचने वाले थे, तभी आसपास के लोगों ने टीम को घेर लिया था। गाली गलौज व धक्का मुक्की करने के साथ ही वीडियो बना रहे एक सिपाही के हाथ से मोबाइल छीन लिया था। अवर अभियंता दिग्विजय सिंह की तहरीर पर उस्मान खान समेत 50 अज्ञात लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।