अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर गोरामछिया स्थित यमुना हिल्स कॉलोनी के सामने सोमवार दोपहर नाइट्रोजन गैस से भरे एक टैंकर में रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। टैंकर से तेज दबाव के साथ गैस निकलती देख राहगीरों ने इसे एलपीजी गैस का रिसाव समझ लिया, जिससे दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के बड़ोदरा के करजन क्षेत्र से नाइट्रोजन गैस लेकर बिहार के बराैनी स्थित आईओसीएल रिफाइनरी जा रहा टैंकर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गोरामछिया पहुंचा था। राजस्थान के सीकर निवासी चालक रामनिवास ने बताया कि पीछे चल रही एक कार के चालक ने टैंकर से गैस निकलने की सूचना दी। जांच करने पर पता चला कि अधिक दबाव के कारण वॉल्व से गैस का रिसाव हो रहा था।
टैंकर से गैस निकलती देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर हाईवे के एक हिस्से पर यातायात रोककर वाहनों को दूसरी लेन से निकाला। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने एहतियात के तौर पर पानी का छिड़काव किया और तकनीकी टीम ने वॉल्व की खराबी दूर कर रिसाव बंद कराया
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राजकिशोर राय ने बताया कि टैंकर के वॉल्व में अधिक दबाव के कारण खराबी आ गई थी, जिससे गैस का रिसाव शुरू हुआ। समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
हाईवे पर लगा दो किलोमीटर लंबा जाम
गैस रिसाव को एलपीजी समझे जाने के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर दहशत का माहौल बन गया। पुलिस द्वारा एक लेन पर यातायात रोकने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक और अन्य भारी वाहन भी जाम में फंस गए। करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। लगभग 40 मिनट बाद रिसाव बंद होने और यातायात सामान्य होने पर जाम खुल सका।
एलपीजी और नाइट्रोजन गैस में क्या अंतर?
- एलपीजी ज्वलनशील गैस है, इससे आग और विस्फोट का खतरा रहता है।
- नाइट्रोजन गैस ज्वलनशील नहीं होती।
- नाइट्रोजन का उपयोग रिफाइनरी, उद्योगों और रसायन संयंत्रों में किया जाता है।
- बंद स्थान में अधिक मात्रा में नाइट्रोजन फैलने पर ऑक्सीजन कम हो सकती है, जिससे दम घुटने का खतरा रहता है।
गैस रिसाव दिखे तो क्या करें?
- मौके पर भीड़ न लगाएं।
- वाहन और मोबाइल का अनावश्यक उपयोग करने से बचें
- प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
- गैस वाले वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
- तुरंत पुलिस या दमकल विभाग को सूचना दें।