अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बीयू कैंपस तथा बीकेडी के एलएलबी छात्र एकजुट होकर मंगलवार को प्रशासनिक ब्लॉक पहुंचे। एकजुट छात्र सम सेमेस्टर की परीक्षाएं एमसीक्यू (बहुविकल्पीय) तरीके से कराने अन्यथा परीक्षा की तिथि बढ़ाने की मांग करने पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद दिया और चार छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को प्रार्थना पत्र दिया। बीकेडी छात्रों के पहुंचने की सूचना पर बीकेडी प्राचार्य ने एक छात्र को अनुशासनहीनता का नोटिस थमा दिया है।
बताते हैं कि कैंपस में संचालित विधि के कुछ छात्र दोपहर में एकत्रित हुए। कुछ देर में बीकेडी के भी कुछ छात्र मांग के समर्थन में पहुंच गए। छात्रों के एकजुट होकर प्रशासनिक ब्लॉक पहुंचने की सूचना पर सुरक्षा कर्मियों ने मुख्य द्वार पर कड़ा पहरा लगा दिया। जिसके चलते छात्र कुछ देर ही नारेबाजी करके शांत हो गए। इसके बाद चार छात्रों के प्रतिनिधिमंडल को कुलपति के पास वार्ता के लिए भेजा गया। छात्रों ने एमसीक्यू पैटर्न पर सम सेमेस्टर की परीक्षा कराने अन्यथा की स्थिति में परीक्षाओं की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की। जिस पर कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बुधवार तक मांगों पर अंतिम फैसला करने का आश्वासन दिया। वहीं, जब बीकेडी प्राचार्य को पता चला कि बीकेडी के छात्र बीयू में आंदोलन में शामिल होने गए हैं, तो इसे अनुशासनहीनता मानकर नोटिस थमा दिए हैं। साथ ही, तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण नहीं देने पर अनुशासनहीनता में कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।