अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कॉमन एडमिशन पोर्टल तैयार न हो पाने के कारण अब बुंदेलखंड विश्वविद्यालय यूजी-पीजी दाखिले समर्थ पोर्टल से करेगा। अभी तक बीयू कैंपस तथा संबद्ध कॉलेजों के यूजी-पीजी में दाखिले के लिए बीयू की वेबसाइट पर आवेदन किया जाता था। यही नहीं, विषम और सम सेमेस्टर के परीक्षा फाॅर्म भी बीयू की वेबसाइट पर भरे जाते हैं। यह व्यवस्था प्रदेश के सभी विवि में है, जिसको एक समान बनाने के लिए समर्थ पोर्टल बनाया गया है।
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया पहली बार यूजी-पीजी में दाखिले के लिए समर्थ पोर्टल पर आवेदन लिए जाएंगे, जो 16 अप्रैल से शुरू होंगे। उन्होंने बताया चूंकि पहली बार समर्थ पोर्टल पर आवेदन लिए जाएंगे, इसलिए तकनीकी दिक्कत आने की वजह से एक-दो दिन की देरी हो सकती है।
0- इंसेट
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए 3.42 लाख के पंजीकरण
झांसी। बीयू की वेबसाइट पर बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए मंगलवार तक 3.42 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें से 2.76 लाख ने फीस जमा करके फार्म भी जमा कर दिया है। वहीं, दूसरी तरफ बीयू ने तय किया है कि इस बार 70 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। ब्यूरो