झांसी। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए जमीन चयन की कवायद फिर शुरू हो गई है। मोंठ तहसील के कुम्हरार में पहले से पीएमश्री विद्यालय संचालित होने की जानकारी मिलने के बाद अब गरौठा तहसील के वीरपुरा में जमीन देखी गई है। अधिकारियों की टीम निरीक्षण रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी। इसके आधार पर विद्यालय के लिए भूमि का अंतिम चयन किया जाएगा।
गरौठा तहसील में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए कार्यदायी संस्था यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (यूपीसीडको) ने गरौठा खास और मोंठ तहसील के कुम्हरार में जमीन चिह्नित की थी। संयुक्त निरीक्षण में गरौठा खास की जमीन काफी ऊंची-नीची मिली। आसपास मिट्टी के ऊंचे टीले होने से बारिश में जलभराव की आशंका जताई गई। इसके अलावा प्रस्तावित स्थल तक पहुंचने के लिए सड़क और नाला पार करने की व्यवस्था भी करनी पड़ती। इन कार्यों पर करीब ढाई करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होने का अनुमान था।
इसके मुकाबले कुम्हरार में 4.848 हेक्टेयर जमीन विद्यालय निर्माण के लिए उपयुक्त पाई गई। संयुक्त निरीक्षण के बाद यूपीसीडको और बेसिक शिक्षा विभाग के निर्माण अनुभाग के अधिकारियों ने इसी जमीन पर विद्यालय बनाने की संस्तुति कर रिपोर्ट डीएम और यूपीसीडको मुख्यालय को भेज दी।
हालांकि, बाद में जानकारी मिली कि कुम्हरार में पहले से कक्षा आठ तक का पीएमश्री विद्यालय संचालित है। यहां कक्षा नौ और दस की पढ़ाई के लिए एक अन्य विद्यालय का निर्माण भी कराया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए दूसरी जगह तलाशने का निर्णय लिया गया। बीएसए जितेंद्र कुमार ने बताया कि अब गरौठा तहसील के वीरपुरा में जमीन देखी गई है। अभी इसका अंतिम चयन नहीं हुआ है। निरीक्षण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।