झांसी। ललितपुर निवासी युवक की रविवार को महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
ललितपुर के बानपुर के गांव पहलगुवां निवासी भग्गू अहिरवार का पुत्र सुनील (25) खेती का काम करता है। शनिवार की शाम सात बजे वो खेत से काम करके लौटा, लेकिन घर में प्रवेश करने से पहले ही दरवाजे पर अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन आनन - फानन में उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में लेकर भागे। हालत में सुधार न होने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की हालत कैसे बिगड़ी इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारण पता चल पाएगा।