झांसी। महानगर के नवाबाद थाने में पुलिस की लापरवाही सेे लाखों रुपये रद्दी हो गए। नोटबंदी के दौरान थाने में जमा रकम को समय से नहीं बदला गया। इसके चलते यह नोट रद्दी हो गई। मालखाने में नए पुलिसकर्मी के चार्ज संभालने के दौरान पूरा मामले सामने आया है। एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
नोटबंदी से पहले नवाबाद थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति से लाखों रुपये जब्त कर जमा कराए थे। इसी बीच 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी हो गई थी। शासन ने थानों में जमा नोटों को बदलवाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन, उक्त थाने में जमा लाखों रुपये नहीं बदलवाए गए। जो नोटबंदी के बाद रद्दी हो गई। कुछ दिन पहले मालखाने में नए पुलिसकर्मी के चार्ज संभालने के बाद रकम की जानकारी सामने आई। चार्ज संभाल रहे पुलिसकर्मी ने रुपये लेने से इंकार कर दिया। पूरा प्रकरण अधिकारियों के पास पहुंचा। इस मामले में एसएसपी दिनेश कुमार पी ने जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है।