कोरोना संक्रमित मिला पहला रोडवेज कर्मचारी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बॉर्डर से श्रमिकों को बस से बस्ती छोड़ने गया था। बताया गया कि बस में मौजूद श्रमिकों में से सात बाद में कोरोना संक्रमित मिले थे। संभावना जताई जा रही है कि उन्हीं श्रमिकों से ड्राइवर संक्रमित हुआ है।
मेडिकल कॉलेज की कोविड लैब में शुक्रवार को झांसी के 46 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि, बीएचईएल निवासी रोडवेज कर्मचारी में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।
रोडवेज विभाग के सूत्रों ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिला रोडवेज का ड्राइवर बस से आठ-दस दिन पूर्व झांसी से बस्ती 40 से अधिक श्रमिकों को छोड़ने गया था। बाद में इन श्रमिकों की जांच की गई तो सात कोरोना संक्रमित मिले थे। संभावना जताई जा रही है कि उन्हीं में से किसी श्रमिक से ड्राइवर कोरोना संक्रमित हुआ है।