झांसी। किसान आंदोलन के चलते मंगलवार को पंजाब की तरफ से आने वालीं ट्रेनें घंटों देरी से आईं। ट्रेनों के इंतजार में मुसाफिरों को घंटों प्लेटफार्म पर बैठना पड़ा, जिससे वे परेशान रहे।
किसानों के रेल रोको आंदोलन के कारण पंजाब की तरफ से आने वालीं ट्रेनों का संचालन सोमवार से बिगड़ा चल रहा है। इसके चलते मंगलवार को अमृतसर से लोकमान्य तिलक जाने वाली 01058 पठानकोट एक्सप्रेस सात घंटे देरी से झांसी आई। वहीं जम्मूतवी से इंदौर जाने वाली 02920 मालवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से चार घंटे देरी से आई। अमृतसर से बिलासपुर जाने वाली 08238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी देरी से आई। ट्रेनों के लेट आने से यात्री घंटों प्लेटफार्म पर इंतजार करते रहे। सबसे अधिक वे परिवार परेशान हो रहे थे, जो अपने साथ छोटे बच्चों को लिए थे। उनके लिए पल- पल काटना मुश्किल बना रहा।
पौने पांच घंटे लेट हुई ताज एक्सप्रेस
नई दिल्ली से झांसी आने वाली 04062 ताज एक्सप्रेस तकनीकी कारणों से निजामुद्दीन स्टेशन से सुबह 7.08 बजे रवाना होने की जगह सुबह 10.29 बजे रवाना हो सकी। ट्रेन शाम को पौने पांच घंटे की देरी से शाम पौने सात बजे झांसी पहुंची। वापसी में यह ट्रेन शाम 7.30 नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन से नई दिल्ली की तरफ जाने के वाले तीन सौ से अधिक मुसाफिर घंटों प्लेटफार्म पर बैठे रहे।