झांसी। झांसी से खजुराहो तक फोरलेन मार्ग बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने मानचित्र के अनुसार सड़क मार्ग का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है लेकिन, शुरुआत में ही बाधाएं सामने आने लगी हैं।
झांसी के कानपुर रोड स्थित दिगारा से मध्य प्रदेश के खजुराहो जिले के बबीठा तक 164 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण किया जाना है। हालांकि, इस दिशा में प्रयास साल 2010 में ही शुरू कर दिए गए थे, परंतु योजना उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश राज्य के बीच झूलती रही, परंतु अब काम पूरा करने की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंप दी गई है। अथॉरिटी ने सड़क निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
पूर्व में तैयार किए गए मानचित्र के अनुसार सड़क मार्ग का भौतिक सत्यापन आरंभ किया गया है लेकिन, शुरुआत में ही एनएचएआई के सामने बाधाएं आने लगी हैं। मऊरानीपुर में चिह्नित सड़क मार्ग पर कालोनी का निर्माण जारी है, वहीं समीपवर्ती मप्र के प्रतापपुरा में भी निर्माण कार्य सामने आए हैं। सोमवार को एनएचएआई ने इसकी सूचना उप जिलाधिकारी (सदर) भगवान शरण को दी। इस पर एसडीएम द्वारा तीन लेखपालों की टीम गठित कर दी गई है। यह टीम मंगलवार को एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मानचित्र के अनुसार सड़क मार्ग का सत्यापन करेगी।