झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अधीन एक कनिष्ठ सहायक को काम में लापरवाही करने पर ललितपुर स्थानांतरित कर दिया गया है। शासन से जारी किए गए आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि कनिष्ठ सहायक दिनेश कुमार रायकवार मुख्य चिकित्सा अधिकारी, झांसी के अधीन कार्यरत हैं। लिपिक द्वारा लगातार काम में लापरवाही बरती जा रही थी। इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं की कार्यालय निदेशक (प्रशासन) रितु माहेश्वरी द्वारा तीस जून को उनके स्थानांतरण का निर्देश जारी कर दिया गया। आदेश में कहा गया है कि लिपिक का जनहित में प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से सीएमओ ललितपुर के अधीन स्थानांतरण किया जाता है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने बताया कि कनिष्ठ सहायक के खिलाफ शिकायतें मिल रहीं थीं। शासन से जारी किया गया पत्र प्राप्त हो गया है। जल्द ही उन्हें रिलीव कर दिया जाएगा।
कई और क्लर्क लाइन में
झांसी। सीएमओ कार्यालय में कई बाबू समय से ड्यूटी नहीं आते हैं। कई क्लर्क ऐसे हैं, जो फाइलें तक मेंटेन नहीं रखते हैं। उनसे कोई जानकारी मांगी जाती है तो कई-कई दिनों तक उपलब्ध नहीं कराते हैं। सालों से जमे ऐसे विभागीय कर्मियों से आला अधिकारी तक नाखुश हैं। कुछ अन्य लिपिकों का जल्द तबादला होने की सुगबुगाहट भी तेज हो गई है।