पंचर की दुकान पर कंप्रेसर फटने के बाद बिखरा पड़ा सामान।
जिला कारागार के सामने दुकान पर कंप्रेशर फटा, दो घायल
झांसी। जिला कारागार के सामने रविवार सुबह एक पंचर की दुकान पर गाड़ी में हवा भरते समय अचानक कंप्रेशर फट गया। इसकी चपेट में आकर दुकानदार व एक युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनाें को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
थाना नवाबाद इलाके के तालपुरा मोहल्ला निवासी जावेद खान (36) की जेल चौराहा स्थित जिला कारागार के सामने गाड़ियों के पंचर बनाने की दुकान है। रविवार सुबह सात बजे उसने दुकान खोली। दुकान के पास बने ढाबे पर काम करने वाला रवि भी पंचर की दुकान पर मौजूद था। सुबह आठ बजे बाइक में हवा भरते समय अचानक कंप्रेशर फट गया। इसकी चपेट में आकर जावेद व रवि घायल हो गए। घटना के बाद दुकान के आसपास भगदड़ मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां दोनों का उपचार चल रहा है। परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।