जिला अस्पताल, मेडिकल और आयुर्वेदिक कॉलेज में आज से शुरू होगी ओपीडी
झांसी। जिला अस्पताल, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक कॉलेज में सोमवार से ओपीडी शुरू हो जाएगी। कोराना महामारी के चलते लगभग दो महीने से ओपीडी का संचालन पूरी तरह बंद चल रहा है। इससे कोरोना को छोड़कर दूसरी बीमारियों के मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। ओपीडी शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद दो महीने पहले सभी सरकारी अस्पतालों में एक साथ ओपीडी बंद कर दी गई थी। इससे कोविड को छोड़कर दूसरी बीमारियों के मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा था। अधिकतर नर्सिंगहोम भी कोरोना के इलाज के लिए अधिकृत कर दिए गए। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए डॉक्टरों, जांचों की फीस और दवाओं का खर्चा उठाना मुश्किल है। इसलिए वह सरकारी अस्पताल खुलने का इंतजार कर रहे थे। अब सोमवार से एक साथ जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक कॉलेज में ओपीडी का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि, मेडिकल कॉलेज में दोपहर 12 बजे तक ही पर्चे बनेंगे। हालांकि, डॉक्टर सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक मरीज देखेंगे। ओपीडी शुरू होने से पहले बिल्डिंग और सभी कमरों की अच्छी तरह साफ-सफाई कराई गई। सैनिटाइजेशन भी कराया गया। पर्चा बनने के पहले सभी को कोरोना वायरस की जांच करानी होगी। इसी तरह, जिला अस्पताल और आयुर्वेदिक कॉलेज में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक ओपीडी का संचालन होगा।
शिरोधारा, सिकाई अभी नहीं होगी
आयुर्वेदिक कॉलेज में सभी सात विभागों में एक साथ ओपीडी का संचालन शुरू होगा। हालांकि, डॉक्टर सिर्फ चिकित्सीय परामर्श देंगे। शिरोधारा, सिंकाई आदि अभी नहीं हो सकेगी। कोरोना के चलते अस्पताल प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध
मेडिकल कॉलेज में सभी प्रकार की जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हैं। कोरोना के चलते लंबे समय तक ओपीडी बंद रहने से दवाओं की खपत ही नहीं हो सकी। कॉलेज के अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर दवाएं अस्पताल से मरीजों को मिल जाएंगी।
वर्जन..
अस्पताल में सोमवार से ओपीडी शुरू हो जाएगी। ज्यादा भीड़भाड़ न हो, इसलिए दोपहर 12 बजे तक पर्चे बनेंगे। पर्चे बनने से पहले सभी की कोरोना की जांच भी की जाएगी। - डॉ. हरीशचंद्र आर्या, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज।
सोमवार से शुरू होने वाली ओपीडी के लिए मरीज पहले की ही तरह दोपहर एक बजे तक पर्चा बनवा सकेंगे। जबकि, दोपहर दो बजे तक डॉक्टर मरीज देखेंगे। - डॉ. अतुल गुप्ता, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल।
सात जून से शुरू होने वाली ओपीडी से पहले परिसर में सैनिटाइजेशन कराया गया है। स्टाफ को भी निर्देशित कर दिया गया है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन हो। - डॉ. केदारनाथ यादव, प्राचार्य, आयुर्वेदिक कॉलेज।