झांसी। दीपावली चार नवंबर को है। इसकी तैयारियां तेजी से जारी हैं। लेकिन, इस बार झांसी वाले ‘अमर उजाला’ के साथ 15 दिन की दीपावली मनाएंगे। दिवाली से लेकर रानी के जन्मदिन 19 नवंबर तक झांसी का कोना-कोना जगमग नजर आएगा। इसे लेकर सभी उत्साहित हैं। लोगों का कहना है कि दीपावली पर घर पर लगाई जाने वाली झालरें रानी की जयंती के बाद ही हटाई जाएंगी। इसके जरिये झांसी के लोग अपनी रानी के प्रति अगाध आस्था प्रकट करेंगे। महानगर की कॉलोनियों, मुहल्लों में रानी की जयंती की तैयारियां तेजी से जारी हैं। अमर उजाला की ओर से होने वाले आयोजन का हिस्सा बनकर लोग उत्साहित हैं। उनका कहना है कि रानी के जन्मदिन पर घर-घर दीप जलाए जाएंगे और सजाई जाएंगी रंगोलियां।
रानी हमारा गौरव हैं, झांसी की पहली पहचान हैं। इस बार दीपावली से लेकर 19 नवंबर तक उनका जन्मोत्सव पूरी कालोनी में मनाया जाएगा। हर घर जगमगाता नजर आएगा।
- डा. महेंद्र गुप्ता, सचिव - कैलाश रेजीडेंसी सोसायटी
रानी का जन्मदिन झांसी वालों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता है। इस बार इस पर्व को पंद्रह दिन तक मनाया जाएगा। दिवाली की झालर 19 नवंबर के बाद उतारी जाएंगी।
- अजय दुबे, अध्यक्ष - श्री रॉयल सिटी
द्वारिका पुरी कॉलोनी पूरे एक पखवाड़े तक जगमग रहेगी। घरों से रानी के जन्मदिवस के बाद ही विद्युत की सजावट हटाई जाएगी। ये काम भावी पीढ़ी को प्रेरणा देगा।
- धमेंद्र विसो, द्वारिका पुरी
रानी का जन्मदिन दीपावली से कम नहीं है। वे आजादी की प्रथम दीपशिखा थीं। उनका जन्मदिन भव्यता के साथ कॉलोनी में मनाया जाएगा। इसके जरिये सभी रानी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे।
- मुकेश मिश्रा, अध्यक्ष - ओम शांति नगर वेलफेयर सोसायटी
झांसी इस बार रानी का जन्मदिन और भी यादगार अंदाज में मनाएगा। पंद्रह दिनों तक कोना-कोना जगमगाएगा।
घर-घर दीप जलेंगे और सजेंगी रंगोली। हर कोना जगमग नजर आएगा।
- अमित गुप्ता, महामंत्री - ओम शांति नगर वेलफेयर सोसायटी
रानी ने अपने त्याग और शौर्य के बलबूते पर पूरे देश का मान बढ़ाया था। रानी का नाम आते ही हर झांसी वाला गौरान्वित हो जाता है। 15 दिन तक रानी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
- उज्ज्वल देवधर, सह सचिव - महाराष्ट्र गणेश मंदिर कमेटी