- किसान मेला में कबड्डी प्रतियोगिता का हुआ आगाज
खिलारा। मकर संक्रांति पर धायपुरा के हनुमानजी मंदिर में चल रहे किसान मेला में बुधवार को कबड्डी प्रतियोगिता हुई। पहले मैच में झांसी की टीम विजयी रही।
कबड्डी का उद्घाटन मुकाबला छतरपुर व झांसी की टीम के मध्य खेला गया, जिसमें झांसी की टीम ने 6 अंक से जीत दर्ज कर ली। इससे पहले शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी आरके अहिरवार ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। अध्यक्षता करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक प्रागीलाल अहिरवार ने कहा कि खेलों से अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का विकास होता है, इसलिए खिलाड़ियों को पूरे मनोयोग से खेलना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में निवाड़ी पालिकाध्यक्ष गुलाब अहिरवार, मुकेश राय (रानीपुर), केशव नारायण यादव (ढ़करवारा), राजेश अहिरवार, एड. प्रेमनारायण अहिरवार (रौनी), प्रवक्ता सुरेशचंद्र मिश्रा, आचार्य धर्मजीत रावत, प्रीतम मोदी, पूर्व प्रधान बिहारी पाल उपस्थित रहे। इस दौरान मेला संयोजक मुकेश अहिरवार (प्रधानपति), डॉ. मनीराम अहिरवार, मुन्ना यादव, राजेश गुप्ता, अरुण रावत आदि मौजूद रहे।