झांसी में सड़क हादसे में एक दुकानदार की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पार करते समय बाइक वाले ने टक्कर मार दी थी। ग्वालियर ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने बाइक जब्त करके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान से मेडिकल पर जा रहे थे
बबीना थाना क्षेत्र के सफा गांव निवासी रमेश चंद्र पाल (55) पुत्र हरलाल पाल बिजौली में दीपक गारमेंट के नाम से दुकान चलाते थे। परिजनों ने बताया कि रमेश मंगलवार को दुकान पर गए थे। दुकान से वह पैदल मेडिकल स्टोर पर जा रहे थे। सड़क पार करते समय बाइक वाले ने रमेश को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया। आसपास के लोगों ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। जहां से उनको ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर ले जाते समय रमेश ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
बेटा भी बिजौली में दुकान चलाता था
रमेश के दो बेटे दीपक और विकास हैं। वहीं एक बेटी अर्चना है। दीपक और अर्चना की शादी हो चुकी है, जबकि विकास अविवाहित है। दीपक बिजौली में बर्तन की दुकान चलाता है। पिता की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।