टहरौली कस्बा के साईं मार्केट में ब्यूटी पार्लर की संचालिका ने दुकान के भीतर दुपट्टे के सहारे पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दुकान का दरवाजा बंद रहने और अंदर से फोन की घंटी बजती रहने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। डंडे से परदा हटाकर अंदर झांकने पर युवती को फांसी पर लटका देख लोग दहशत में आ गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम को बुलाया। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किराए के कमरे में चला रही थी पार्लर
थाना टहरौली इलाके के ग्राम गढ़ीकरगांव निवासी 28 वर्षीय प्रभा देवी टहरौली कस्बा में किराए के कमरे में रहकर ब्यूटी पार्लर व जनरल स्टोर संचालित करती थीं। शुक्रवार शाम करीब चार बजे कुछ लड़कियां लहंगा लेने पहुंचीं तो दुकान अंदर से बंद मिली। आवाज देने पर भी प्रतिक्रिया न मिलने के बाद संदेह होने पर बाहर से परदा हटाया गया, जहां अंदर का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां, पिता और परिवारजन भी मौके पर पहुंच गए और बिलखने लगे।
दुकान के बाहर खड़ी पुलिस और स्थानीय लोग
- फोटो : संवाद
शादी के दो साल बाद से ही रह रही मायके
मृतका के पिता प्रमोद अहिरवार ने बताया कि प्रभा की शादी वर्ष 2016 में गाजियाबाद निवासी नवीन गुर्जर से हुई थी। शादी के दो वर्ष बाद ही घरेलू कलह व प्रताड़ना से परेशान होकर वह एक वर्षीय बेटी ईशा को पति के पास छोड़कर मायके आ गई थी। उन्होंने बताया कि प्रभा ने ससुराल पक्ष और पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य मामले दर्ज कराये थे। पिता के मुताबिक पति द्वारा बेटी ईशा को अपने पास ही रखने और न भेजने से वह लगातार तनाव में रहती थी। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, कस्बा इंचार्ज अश्विनी यादव, कांस्टेबल रोहित मोर्या, नरेश पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
सुसाइड की वजह तलाश रही पुलिस
थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। साक्ष्य संग्रह के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।