पंचवटी कॉलोनी स्थित अंजनी माता मंदिर के पास रहने वाले 45 वर्षीय रमेश की घर के अंदर बृहस्पतिवार शाम गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसके बेटे को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर आरोपी मौके से भाग गए। मृतक की पत्नी रानी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रमेश की बुआ के बेटे जितेंद्र और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
हत्यारे नकदी और जेवरात लेकर फरार
रमेश की पत्नी ने पुलिस को बताया कि जुगयाना मोहल्ले में रहने वाली उसकी भतीजी की लगुन थी। इस कारण वह बेटी के साथ वहां गई थी। तीन रिश्तेदारों के आने के कारण घर पर बेटे के साथ उसके पति थे। पत्नी का आरोप है कि हत्यारे उसकी आलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और जेवरात लेकर भाग गए हैं। हत्या की सूचना पर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने छानबीन शुरू कर दी है।
घर में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : संवाद
पत्नी बेटी के साथ गई थी शादी में
कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी में रहने वाले रमेश प्रजापति पत्नी रानी, बेटी महक (19) और बेटा प्रियांशु (17) के साथ रहता था। रमेश मेहनत मजदूरी करता था और रानी झाडू-पोछा का काम करती है। रानी ने बताया कि जुगयाना मोहल्ले में रहने वाले उसके जेठ की बेटी मुस्कान की 22 नवंबर को शादी है। बृहस्पतिवार को लगुन होने के कारण वह पूरे परिवार के साथ जेठ के घर जाने के लिए तैयार हुई। दोपहर के समय बुआ का बेटा जितेंद्र प्रजापति दो साथियों के साथ घर पर आ गया। बेटी ने जल्दी से उन्हें नाश्ता कराया। उधर, कार्यक्रम में देर होता देख, वह बेटी के साथ जेठ के घर चली गई और पति व बेटे से कहा कि जब रिश्तेदार चले जाए तो वह लोग भी कार्यक्रम में पहुंच जाए। इधर, शाम तक मौके पर पति व बेटे के न पहुंचने पर उसने मोबाइल पर फोन लगाया लेकिन फोन न उठने पर रानी ने बेटी महक को घर भेजा।
रमेश के हाथ-पैर कपड़े से बंधे मिले
महक जब घर पहुंची तो देखा कि जितेंद्र व उसके साथी घर से निकल रहे हैं। महक घर के अंदर पहुंची तो देखा कि सामने भाई प्रियांशु लहूलुहान पड़ा है। यह देख उसके मुंह से चीख निकल गई। चीख सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो ऊपर के कमरे में रमेश का शव बेड पर पड़ा था। उसके हाथ-पैर कपड़े से बंधे थे और बिजली के तार लिपटे हुए थे। अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। प्रियांशु की हालत देख उसे इलाज के लिए लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। इधर, हत्या की सूचना पाकर एसपी सिटी प्रीति सिंह के साथ पुलिस फोर्स और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
घर के बाहर रोती-बिलखती पत्नी और परिजन
- फोटो : संवाद
पुलिस ने एक को लिया हिरासत में
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि रमेश की बिजली के तार से गला घोंटकर हत्या की गई है। उसके बेटे का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि परिजनों ने घर पर आए जितेंद्र व उसके साथियों ने हत्या को अंजाम दिया है। अलमारी से नकदी व जेवरात चोरी की छानबीन की जा रही है। इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
रुपया, जेवरात ले जाते पति की हत्या क्यों की
रमेश की हत्या और बेटे प्रियांशु की हालत गंभीर देख पत्नी रानी का रो-रो कर बुरा हाल था। वह हत्या में कभी रिश्तेदारों का जिक्र करती, फिर कहती कि रुपये व जेवरात ले जाते, पति की हत्या क्यों कर दी। वहीं, मेडिकल कॉलेज में भर्ती बेटे प्रियांशु को एक बार देखने के लिए गुहार लगा रही थी।