मेडिकल कॉलेज परिसर में नवजात के शव को कुत्तों ने नोंच-नोंच कर खा लिया। कुत्ते नवजात के सिर को मुंह में दबाकर सड़क पर आए तो सुरक्षा गार्डों ने देख लिया। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने नवजात के सिर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इससे मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू करा दी है।
मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक से करीब 500 मीटर दूर प्राइवेट रूम वार्ड के नजदीक शौचालय के पास नवजात का सिर पड़ा था, जिसको कुत्ते नोंच-नोंच कर खा रहे थे। गार्डों ने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना नवाबाद पुलिस ने नवजात के शरीर के अवशेषों की आसपास तलाश की मगर कहीं भी कोई सुराग नहीं लगा है। माना जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज में मृत नवजातों के शवों को परिजन चोरी छुपे गड्ढा खोदकर दफना देते हैं। संभव है कि कुत्तों ने गड्डा खोद कर शव निकाल लिया हो।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ सचिन माहुर का कहना है कि सिक्योरिटी गार्ड ने जब यह नजारा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पोस्ट मॉर्टम के लिये भेज दिया है। मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग में विगत पांच दिन से किसी भी नवजात की मृत्यु का रिकॉर्ड नहीं मिला है। वार्ड में भर्ती सभी महिलाओं के नवजात सुरक्षित हैं।
पहले भी मिल चुके नवजात के शव
अभी हाल ही में बिजौली स्थित नगर निगम के प्रोसेसिंग प्लांट में रविवार को छह महीने का भ्रूण कूड़े के ढेर में मिला था। प्रोसेसिंग प्लांट के कर्मचारियों ने भ्रूण मिलने की जानकारी प्रेमनगर पुलिस को दी। पुलिस ने सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया है। तीन दिन पहले शुक्रवार को झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कन्या भ्रूण बरामद हुआ था। नई तहसील के सामने सड़क से नवजात के शरीर के अवशेष बरामद किये गये थे।