जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा सफाई व्यवस्था, नाली एवं जल निकासी, मार्गों की स्थिति, पेयजल तथा गांव में संचालित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं रखी गईं।
चिरगांव। ग्राम करगुवां में गुरुवार को बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा की मौजूदगी में जनचौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी प्राप्त की।
विज्ञापन
जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा सफाई व्यवस्था, नाली एवं जल निकासी, मार्गों की स्थिति, पेयजल तथा गांव में संचालित विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं रखी गईं। इस पर विधायक ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा क्षेत्र के विकास को गति देना है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस पर विधायक ने कहा था कि वह 8 सितंबर को गांव में चौपाल लगाकर समस्याओं को सुनेंगे। वीडियो वायरल होने के बारे में विधायक का कहना था कि इसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने इसे विपक्षियों की चाल बताया। विधायक ने कहा कि सपा के लोग पत्रकारिता का चोला ओढ़कर इटावा-मैनपुरी से आ गए हैं और वे पार्टी को बदनाम कर रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम मोंठ मनीषा धार्वे, परियोजना निदेशक राजेश कुमार, डीपीआरओ बालगोविंद श्रीवास्तव, बीडीओ रामकुमार वर्मा, ब्लॉक प्रमुख राजकांतेश वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि अमित राजपूत मौजूद रहे।