बुधवार को भी ओटी ब्लॉक में ऑपरेशन नहीं हुए। इससे रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑक्सीजन आपूर्ति प्रभारी डॉ. रूपेश ने बताया कि ओटी ब्लॉक मंगलवार व बुधवार को बंद रहा।
मेडिकल कॉलेज के ओटी ब्लॉक की ऑक्सीजन पाइप मनबढ़ों ने क्षतिग्रस्त कर दी। इसके चलते, बुधवार को कई ऑपरेशन नहीं हो सके। बेहद जरूरी ऑपरेशन इमरजेंसी और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में किए गए।
विज्ञापन
ओटी ब्लॉक में स्त्री रोग, हड्डी रोग, सामान्य सर्जरी, नेत्र रोग, नाक-कान-गला आदि के रोजाना औसतन 25 ऑपरेशन होते हैं। इसमें सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे, जो एक सप्ताह पहले बदमाश तोड़कर ले गए थे। कॉलेज प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि नए सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं मगर ऐसा नहीं हुआ। यही वजह रही कि चोरी की मंशा से घुसे मनबढ़ों ने सोमवार की रात ऑक्सीजन लाइन क्षतिग्रस्त कर दी। मंगलवार को जब ब्लॉक खोला गया तो ऑपरेशन थियेटरों में ऑक्सीजन की सप्लाई बंद थी।
इस पर इंजीनियरों को बुलाया गया मगर समस्या का निदान नहीं हुआ। बुधवार को भी ओटी ब्लॉक में ऑपरेशन नहीं हुए। इससे रोगियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑक्सीजन आपूर्ति प्रभारी डॉ. रूपेश ने बताया कि ओटी ब्लॉक मंगलवार व बुधवार को बंद रहा। ओटी प्रभारी डॉ. अंशुल जैन ने बताया कि जरूरी ऑपरेशन इमरजेंसी व सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में कराए हैं। प्रधानाचार्य डॉ. मयंक सिंह ने बताया कि बुधवार शाम चार बजे समस्या का निदान हो गया।