झांसी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को बवाल हुआ। एमबीबीएस और नर्सिंग छात्रों के गुटों भिड़ गए। छात्रों को काबू करने में पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस संघर्ष में 20 से ज्यादा छात्र चोटिल हुए हैं।
झांसी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस इंटर्न और बीएससी नर्सिंग छात्रों के बीच तीन दिन से आक्रोश की चिंगारी उठ रही थी। मगर कॉलेज प्रशासन से लेकर पुलिस- प्रशासन तक इसको भांपने में नाकाम रहा। इसी वजह से शुक्रवार शाम को इस चिंगारी ने बवाल का रूप ले लिया। यदि शुरू में ही आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई हो जाती तो इतना बवाल नहीं होता।
विज्ञापन
मंगलवार देर रात एमबीबीएस इंटर्न छात्रों द्वारा बर्न वार्ड में नर्सिंग तृतीय वर्ष के छात्र के साथ की गई मारपीट की शिकायत पैरामेडिकल छात्र डीएम और एसएसपी से करने पहुंचे थे। छात्रों ने बताया कि बुधवार को भी पैरामेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग और एमबीबीएस छात्र आमने-सामने आ गए थे।
बुधवार को ही नर्सिंग छात्रों ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देते हुए आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया था। मगर मामले की जांच ही चलती रही और शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में बवाल हो गया। यदि पहले ही आरोपी छात्रों को चिह्नित करके कार्रवाई कर दी जाती तो ये घटना नहीं होती।
विज्ञापन
पुलिस चौकी के बाहर भी एमबीबीएस इंटर्न को पीटा
तहरीर देने के बाद शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एमबीबीएस इंटर्न और बीएससी नर्सिंग के छात्र विश्वविद्यालय चौकी पुलिस पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही पक्षों ने कहा कि वह मुकदमेबाजी नहीं चाहते हैं।
कॉलेज प्रशासन द्वारा गठित समिति जांच के बाद जो निर्णय लेगी, उसी कार्रवाई से वह संतुष्ट हो जाएंगे। हालांकि, बाद में चौकी के बाहर ही एमबीबीएस इंटर्न राजेश मीणा की बीएससी नर्सिंग छात्रों ने पिटाई कर दी। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि आनंद यादव, सोनू राजपूत और गुलशन समेत अज्ञात के खिलाफ एससी, एसटी समेत धारा 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मेडिकल कॉलेज में बवाल, एमबीबीएस और नर्सिंग छात्रों के गुटों भिड़े
झांसी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार की शाम को बवाल हो गया। एमबीबीएस और नर्सिंग छात्रों के गुट आपस में भिड़ गए। प्राचार्य से मिलकर हॉस्टल जा रहे नर्सिंग छात्रों पर पहले से घात लगाए बैठे एमबीबीएस इंटर्न छात्रों ने हमला बोल दिया। नर्सिंग छात्रों को हॉकी और डंडों से पीटा गया।
इस पर नर्सिंग के छात्रों ने फोन करके हॉस्टल से अपने साथियों को बुला लिया। जब इन छात्रों की भीड़ बढ़ी तो एमबीबीएस छात्र फरार हो गए। इससे गुस्साए नर्सिंग छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ कर दी। छात्रों को काबू करने में पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस संघर्ष में 20 से ज्यादा छात्र चोटिल हुए हैं।