भाई के साथ ससुराल जा रही विवाहिता की सड़क हादसे में मौत हो गई है। युवती करवा चौथ का सामान लेकर बाइक से जा रही थी। इसी दौरान झांसी-खजुराहो हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे गिरकर दोनों घायल हो गए और उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। बताया गया कि आठ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। इधर, मौत की खबर सुनते ही पिता और ससुर भी प्रीति के पास आ रहे थे, इसी दौरान रास्ते में दोनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गये हैं।
इसकिल थाना एरच निवासी 25 वर्षीय प्रीति प्रजापति अपने भाई अमन के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके कुम्हार टोली थाना नौगांव मध्य प्रदेश से ससुराल जा रही थी। शाम लगभग 6 बजे बड़ागांव तिगैला के आगे नौ पुल के पास झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गिरकर घायल हो गए। राहगीरो की मदद से उपचार के लिए मऊरानीपुर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि प्रीति की शादी आठ माह पूर्व फरवरी में हुई थी। शुक्रवार को उसका पहला करवा चौथ व्रत था। मायके से वह अपने साथ करवा चौथ के लिए सामान लेकर ससुराल जा रही थी। पति पुणे में मजदूरी का कार्य करता है। वह भी करवा चौथ व्रत के लिए घर वापस आ रहा है। मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
पिता और ससुर भी हादसे में घायल
प्रीति की मौत की खबर सुनते ही पिता नंदू प्रजापति छतरपुर से आ रहे थे, मऊरानीपुर आने से पहले ही टौरिया के पास सड़क हादसे में घायल हो गये। इसकिल से ससुर रतन प्रजापित भी पुत्रवधू के पास आ रहे थे वह भी टोड़ीफतेहपुर इलाके के रेवन पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गये।