लंबी दूरी के साथ बकाया पर विद्युत कनेक्शन देने के मामले में बरुआसागर बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता रजनीश कुमार को निलंबित कर दिया गया हैं। उन्हें मऊरानीपुर खंड में संबंध किया गया है।
बरुआसागर में बड़े पैमाने पर बकाये पर संयोजन जारी किए गए थे। इस मामले में अवर अभियंता रजनीश कुमार पर आरोप लगे थे कि उन्होंने उपभोक्ता को लाभ देने के उद्देश्य से विभाग को राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया। उनके अधीनस्थ टीजी-2 कर्मी संतोष कुमार एवं शेवेंद्र कुमार के साथ संविदाकर्मी सुनील वैद्य एवं अर्पित राय इसमें लिप्त थे।
इस गड़बड़ी के मामले को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद हरकत में आए अफसरों ने इस मामले की जांच बैठाई। अधीक्षण अभियंता ऐनुल होदा ने दो सदस्यीय कमेटी गठित कर इसकी गहनता से जांच के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता परीक्षण खंड अमित कुमार वर्मा की रिपोर्ट में इनको दोषी ठहराया गया। इसके बाद अधीक्षण अभियंता ने अवर अभियंता रजनीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अन्य दोषीकर्मियों पर भी कार्रवाई के लिए अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा गया हैं। ऐसे में जल्द ही इन पर भी कार्रवाई की जाएगी।