थाना जाखलौन अंतर्गत जीरोन-ललितपुर रेलवे स्टेशन के मध्य एक युवक ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। युवक ग्राम बम्हौरीकलां में चार दिन पहले अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए गया था, जहां उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। जाखलौन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम गुरयाना निवासी जयहिंद (30) पुत्र बलवोदे 23 जून को थाना जाखलौन के ग्राम बम्हौरी कलां में अपनी साली की शादी में शामिल होने के लिए गया था। उसके साथ पत्नी व दोनों बच्चे गए थे। 25 जून को शादी होने के बाद वह रिश्तेदारों के कहने पर रुक गया। 26 जून की देर शाम को उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद वह पत्नी से नाराज होकर रात में ही ससुराल से निकल गया।
ससुरालीजनों से उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। अगले दिन सुबह रेलवे जीरोन-ललितपुर रेलवे ट्रैक पर बम्हौरी गेट के पहले खंभा नंबर 1031 के पास युवक का शव पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर थाना जाखलौन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए। आसपास के ग्रामीणों ने उसकी पहचान जयहिंद सिंह के रुप में की, जो पास के ही गांव बम्हौरीकलां में शादी में आया था।
पुलिस ने इसकी सूचना मृतक के ससुरालियों को दी, जिस पर ससुरालियों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त जयहिंद के रुप में की। मृतक के पिता बलवोदे ने बताया कि मृतक की पत्नी ने फोन पर किसी ने बात थी, इसको लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। पुत्र ने इसकी जानकारी बीते रोज मोबाइल से बात करके उसे दी थी। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है।