झांसी। जिले में अर्थव्यवस्था का हाल और लोगों का आर्थिक आधार तय करने के लिए सोमवार को सीडीओ ने विकास भवन से सातवीं आर्थिक गणना की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने प्रगणकों और कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों को बेहतर ढंग से डाटा संकलित करने के निर्देश दिए।
दरअसल, भारत सरकार के सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा आर्थिक गणना कराई जाती है। जिसमें लोगों की आर्थिक स्थिति और उनके आय का आधार तय किया जाता है। 26 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आर्थिक गणना की शुरुआत की थी। सोमवार को सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे ने हरी झंडी दिखाकर सातवीं आर्थिक गणना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गणना में ईकोनॉमिक्स सेंसस ईसी 7.0 एप का प्रयोग किया जाएगा।
गणना के दौरान प्रगणक एप पर मौजूद डिजिटल फार्मेट में 13 बिंदुओं पर सूचना अपलोड करेंगे। डाटा संकलित होने के बाद सरकार आंकडे़ जारी करेगी। डीएसटीओ रामचंद्र खरे ने कहा कि प्रगणक सभी आंकड़ों को सही और सटीकता से एकत्र करें। डाटा की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाए। इस मौके पर सीएससी के स्टेट मैनेजर विशाल सिंह, जिला प्रबंधक जुबेर अहमद, अभिमन्यु शर्मा, जिला समन्वयक आजम अली समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।