झांसी। पुलिस विभाग में तैनात एक सिपाही ने छात्रा संग दोस्ती गांठकर उसके संग दुष्कर्म किया। गर्भ गिराने के लिए छात्रा को नशीली दवाइयां भी खिलाई। मां को घटना के बारे में मालूम चलने पर वह पीड़िता को लेकर नवाबाद थाने पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस लाइन निवासी छात्रा (22) स्नातक की पढ़ाई पूरी करके एक कोचिंग में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ माह पहले सहेली के माध्यम से उसकी मुलाकात अनिल पटेल (24) से हुई। बांदा के बदौसा गांव का मूल निवासी अनिल इलाइट के पास किराए का कमरा लेकर रहता था। उस दौरान अनिल नवाबाद थाने में ही बतौर कम्प्यूटर आपरेटर तैनात था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसी दौरान अनिल उसे अपने कमरे में ले गया।
पीड़िता का आरोप है अनिल ने नशीली दवाइयां खिलाकर उसके संग दुष्कर्म किया। इसके बाद धमकी देकर अकसर उसे कमरे पर बुलाने लगा। 6 अप्रैल को कोचिंग जाते समय अनिल ने जबर्दस्ती अपने कमरे में ले जाकर फिर दुष्कर्म किया। देर से घर पहुंचने पर मां के पूछताछ करने पर उसने घटना के बारे में बता दिया। यह सुनकर छात्रा के घर वालों के होश उड़ गए। पीड़िता को लेकर मां तुरंत एसपी आर के पास पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने सीओ को जांच सौंप दी। इसके बाद पीड़िता अपनी मां के साथ नवाबाद थाने पहुंची। पुलिस ने देर रात पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह के मुताबिक आरोपी कटेरा थाने में तैनात है। उसे पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को बुलाया गया था। देर शाम को आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।