तीन अधिवक्ताओं के पास दोहरी सदस्यता होने के कारण आपत्ति दर्ज कराई गई। एल्डर्स कमेटी ने तीनों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया है। अब वे तीनों मतदान नहीं कर सकेंगे।
एल्डर्स कमेटी ने मतदान स्थल भी चिह्नित कर लिया है। बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को प्रपत्रों की जांच की गई थी। सभी सही पाए गए थे और शाम तक एक भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया था। मंगलवार को लाइब्रेरी हॉल में एल्डर्स कमेटी की बैठक हुई। पं. चंद्रशेखर शुक्ला और केपी श्रीवास्तव ने तीन अधिवक्ताओं के मतदाता सूची में नाम होने पर आपत्ति जताई। इन आपत्तियों पर एल्डर्स कमेटी ने विचार किया और पाया कि कमिश्नरी के तीन अधिवक्ता अनिल श्रीवास्तव, बृजभूषण वर्मा और राजेश द्विवेदी के पास दोहरी सदस्यता है। नए बाइलॉज के अनुसार सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) न होने के कारण तीनों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
चुनाव में कुल 2064 अधिवक्ता अपने मत का उपयोग करने वाले थे, लेकिन अब 2061 सीओपी धारक ही मतदान कर सकेंगे, इसमें 111 महिला अधिवक्ता भी शामिल हैं। मतदान स्थल झांसी क्लब होगा। चुनाव कमेटी भी बनाई : एल्डर्स कमेटी के प्रकाश नारायण द्विवेदी, मनमोहन श्रीवास्तव, जगदीश प्रसाद लिखधारी ने पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के लिए समिति में सहायक निर्वाचन अधिकारी रविशंकर शर्मा, राकेश भटनागर, प्रभात कुमार शर्मा, केके गुप्ता, नंद किशोर बट्टा, अहसान उल्ला खान, अफजाल अहमद, रवि मोहन को शामिल किया है। साथ ही अखिलेश बाजपेई, अरविंद रावत, ओपी यादव, दिवाकर द्विवेदी, शिरोमणि जैन, जयदेवी साहू, वीनू सिंह, वरुण अग्रवाल, साधना पटेल को चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी। एसएसपी को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने सौंपा ज्ञापन : जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशी प्रमोद शिवहरे ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपा। बताया कि दो अधिवक्ता चुनाव में विघ्न डाल सकते हैं, ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक बार परिसर में उनके प्रवेश पर रोक लगाई जाए।