अन्य राज्यों से मजदूरी कर लौटे यात्री करते रहे इंतजार, उद्घोषणा कर यात्रियों को ट्रेन रद होने की दी गई जानकारी
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू के निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी हुई। कई यात्री मेमू के इंतजार में बैठे रहे। रेलवे की उद्घोषणा के बाद बाहर से आने वाले यात्रियों को जानकारी हुई। वहीं, ट्रेन के निरस्त रहने से मेमू साइड लाइन पर खड़ी रही।
मऊरानीपुर-रोरा के बीच रेलवे विकास कार्य करा रहा है। इसके लिए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू को पूर्व सूचना के बाद निरस्त कर दिया गया था। इसकी जानकारी स्थानीय स्तर व रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को थी पर अन्य राज्यों में काम कर लौटे यात्रियों को नहीं थी। खासकर दिल्ली, गुजरात व अन्य राज्यों से आए यात्री हरपालपुर, बांदा सहित अन्य स्टेशनों की यात्रा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंचे। टिकट लेने पहुंचे यात्रियों को काउंटर से ट्रेन के रद होने की जानकारी मिली तो वहीं दूसरी ओर साथ आए लोग ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे। रेलवे की उद्घोषणा के बाद उन्हें ट्रेन के रद होने की सूचना मिली। ट्रेन के रद होने के बाद यात्री प्राइवेट या रोडवेज बसों के सहारे अपने गंतव्य को रवाना हुए।
आज और कल यह ट्रेन रहेंगी निरस्त
प्रयागराज-ग्वालियर एक्सप्रेस आज और कल निरस्त रहेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा-वीरांगना लक्ष्मीबाई मेमू आज भी निरस्त रहेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मानिकपुर मेमू आज और मानिकपुर-वीरांगना लक्ष्मीबाई मेमू कल निरस्त रहेगी।
गुजरात में रहकर फैक्ट्री में काम करते हैं बांदा जाने के लिए गुजरात वाली ट्रेन से उतरकर कुछ साथी प्लेटफार्म सात पर रुक गए। टिकट लेने पहुंचने पर ट्रेन के रद होने की जानकारी मिली। इसके बस से यात्रा करने का निर्णय लिया। - शिवकुमार, बांदा
नागपुर में रहकर पूरा परिवार काम करता है। फसल का समय होने पर महोबा घर के लिए वापसी की है। परिवार को प्लेटफाॅर्म पर लेकर आया तो रेलवे की ओर से उद्घोषणा के बाद मेमू ट्रेन के रद होने की जानकारी मिली। इसके बाद असुविधा हुई। - अभिषेक, महोबा
पंजाब में रहकर अपने अन्य साथियों के साथ वेल्डर का काम करते हैं। दो महीने बाद घर पर परिवार के भरण पोषण के लिए रुपये देने जा रहे थे। कबरई जाने के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचे तो ट्रेन के रद होने की जानकारी हुई। बस आखिरी सहारा बस ही है। - रवि, कबरई