झांसी। सीपरी पावर हाउस के तहत आने वाले गोविंदपुरी इलाके में 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ जाने के कारण बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक बाधित रही। इस वजह से आसपास के उपभोक्ताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, सूचना मिलते ही अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और फॉल्ट को तलाश कर उसे दुरुस्त कराया।
मंगलवार सुबह करीब 9:45 बजे गोविंदपुरी इलाके की बिजली अचानक गुल हो गई। सूचना पाकर एसडीओ सत्यदेव पाठक और मैदानी अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पता चला कि लाइन का एक फेज उड़ गया था, जिसे ठीक कराने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू हो सकी।
उधर, सुभाषगंज और बड़ा बाजार इलाके में नए फीडर बनाए जाने के लिए सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कई बार बिजली गुल रही। इस कार्य के लिए विभाग द्वारा शटडाउन (ब्रेकडाउन) लिया गया था, जिसके चलते सुभाषगंज, दरू, भोंदेला, मानिक चौक समेत अन्य इलाकों के उपभोक्ताओं को भी असुविधा हुई। हालांकि, इस कटौती की सूचना विभाग की ओर से पहले ही जारी कर दी गई थी।
एसडीओ सत्यदेव पाठक ने बताया कि सीपरी इलाके में जंपर में तकनीकी बाधा आ गई थी, जिसकी वजह से बिजली गुल हुई थी, जिसे समय रहते ठीक करा दिया गया। संवाद