बुंदेलखंड विवि के मुख्य गेट पर खड़े सुरक्षा कर्मी को भाजपा का झंडा और उपाध्यक्ष पद का स्टीकर लगी कार ने टक्कर मार दी। जब गार्डों ने रोकने का प्रयास किया तो कार सवार युवकों ने अभद्रता व गाली-गलौज कर दी। जब तक सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे तब तक युवक कैंपस में कार छोड़कर भाग गए। देर शाम तक कार कैंपस में ही खड़ी थी।
बताते हैं कि चीफ प्रॉक्टर के आदेश के चलते विवि के मुख्य गेट दोपहिया अथवा चौपहिया वाहन लेकर आने वालों की जांच होती है। दोपहर करीब पौन दो बजे एक कार में सवार चार-पांच युवक तेज रफ्तार में गेट से घुसने लगे। जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने चेक करने के लिए रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने स्टेयरिंग तेजी से घुमा दी, जिससे गार्ड के हाथ में तेज चोट लगी। चोट लगने से गार्ड निढाल होकर बैठ गया और साथी सुरक्षा कर्मियों के विरोध करने पर कार सवारों ने गाली-गलौज व अभद्रता कर दी। इसकी सूचना पर जब तक सुपरवाइजर और अन्य गार्ड मौके पर पहुंचे तब तक युवक कार छोड़कर भाग निकले।
इसकी सूचना मिलते ही चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके सैनी भी मौके पर पहुंचे और कार को निकलने नहीं देने के आदेश दिए। इसका परिणाम यह हुआ कि देर शाम तक कैंपस से कार लेने के लिए कोई नहीं पहुंचा। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि कार भाजपा नेता की है उस पर उपाध्यक्ष का स्टीकर व भाजपा का झंडा लगा है। युवक कार छोड़कर भाग गए हैं और देर शाम तक कार कैंपस में खड़ी थी।