खनन विभाग के चेकगेट से जारी ई-चालानों की धनराशि जमा नहीं करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी है। यूपी, एमपी, बिहार, राजस्थान और हरियाणा के 36 वाहनों पर ई-चालान का 27.86 लाख रुपये का बकाया हैं। अब ये सभी वाहन ब्लैक लिस्ट किए जाएंगे।
सूची में शामिल कई वाहनों पर 50 हजार से अधिक राशि बकाया है। कुछ वाहन ऐसे हैं, जिनके एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार ई-चालान कटा है। सबसे ज्यादा झांसी के 12 वाहनों का ई-चालान कटा है। दूसरे नंबर पर मंडल का ललितपुर जिला है, जहां के सात वाहनों का ई-चालान कटा है। इसके अलावा यूपी के औरैया, इटावा, उन्नाव, गोरखपुर से लेकर लखनऊ तक के वाहनों का ई-चालान हुआ है। एडीएम न्यायिक/प्रभारी अधिकारी खनिज की ओर से एआरटीओ प्रवर्तन/प्रशासन को भेजे पत्र में 36 वाहनों को ब्लैक लिस्ट की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। कार्रवाई के बाद इसकी सूचना खनिज विभाग को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ललितपुर के एक वाहन का 11 बार ई-चालान
सूची में शामिल के वाहनों में ललितपुर के एक वाहन का सबसे ज्यादा 11 बार ई-चालान हुआ है। ये चालान इस साल मार्च से लेकर जून तक हुए हैं। ऐसे में इस वाहन को करीब 05.04 लाख रुपये जमा करने हैं। इसके बावजूद अब तक वाहन स्वामी की तरफ से चालान की राशि जमा नहीं की गई है। इसी तरह, झांसी के भी एक वाहन का पांच बार ई-चालान कटा है, जिसे 2.49 लाख रुपये राशि जमा करनी है। इसके अलावा ललितपुर के एक अन्य वाहन का चार बार ई-चालान होने पर 1.91 लाख रुपये की राशि बकाया है।
इस साल 100 से ज्यादा वाहन हो चुके ब्लैक लिस्ट
चेकगेट से जारी ई-चालान जमा न करने वाले वाहनों को पहले भी ब्लैक लिस्ट किया जा चुका है। इसी साल के परिवहन विभाग के आंकड़े देखें तो अब तक सौ से ज्यादा वाहन ब्लैक लिस्ट हो चुके हैं।
यह बोले एआरटीओ
प्रभारी अधिकारी खनिज की ओर से भेजी गई ई-चालान की राशि जमा न करने वाले 36 वाहनों की सूची प्राप्त हो गई है। इन वाहनों को ब्लैक लिस्ट किया जा रहा है।
- डॉ. सुजीत सिंह, एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन।