झांसी। झांसी में सरकारी और प्राइवेट पॉलिटेक्निक संस्थानों के लगभग 1700 छात्र-छात्राओं को परीक्षा देनी होगी। परीक्षाएं 22 से 27 जुलाई तक प्रस्तावित हैं, ऐसे में जल्द ही शेड्यूल जारी हो जाएगा। जानकारी मिलने पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों के सभी छात्रों को फाइनल पेपर देने होंगे। किसी भी साल या सेमेस्टर के छात्र को प्रोन्नत नहीं किया जाएगा। निदेशक प्राविधिक शिक्षा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। सम सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा ऑनलाइन कराई जाएगी। छात्र घर में रहकर ही परीक्षा देंगे। जिन छात्रों के पास लैपटॉप नहीं है, उनको अपने गृह जनपद के संस्थान में जाकर ऑनलाइन परीक्षा दिलाने की व्यवस्था पर विचार चल रहा है। परीक्षाएं 22 से 27 जुलाई तक प्रस्तावित हैं। झांसी में सरकारी और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों की संख्या पांच है। ग्वालियर रोड स्थित सरकार पुरुष पॉलिटेक्निक में 420 और महिला में लगभग तीन सौ स्टूडेंट्स हैं। वहीं, तीन निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों को मिलाकर एक हजार छात्र-छात्राएं हैं। ऐसे में झांसी में 1700 से ज्यादा छात्र-छात्राएं पॉलिटेक्निक की परीक्षा में बैठेंगे।
परीक्षा के संबंध में निदेशालय से जो भी आदेश मिलेगा, उसका अनुपालन कराया जाएगा। कॉलेज स्तर पर तैयारियां चल रही है। - पीके सिंह, प्रधानाचार्य, पुरुष पॉलिटेक्निक।