कुलभूषण जाधव व उनके परिवार के साथ पूरा देश खड़ा है, पाकिस्तान द्वारा जाधव की मां व पत्नी के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार पर संसद ने भी एक स्वर से निंदा की है। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यहां रामराजा सरकार के दर्शन करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। वह यहां चल रही मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने आए थे।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी भारतीय सेना बखूबी निभा रही है। हमने सीमा पर आतंकवाद तथा देश के अंदर नक्सलवाद पर काबू किया है। सेना के जवान सीमा पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। देश की सुरक्षा के हर मोर्चे पर चाहे वह नार्थ ईस्ट का उग्रवाद हो या सिमी हो इनके प्रभाव को कम करने में हमारी सरकार सफ ल रही है। राष्ट्र की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नही किया जाएगा। मंदिर में श्रीरामराजा सरकार की पूजा अर्चना के बाद राजनाथ सुरभि गोशाला प्रांगण में चल रही रामकथा में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मंच से कहा कि शास्त्रों के ज्ञान से हम विज्ञान के क्षेत्र में उन्नति करेंगे और उसी से हमारा देश विश्व में महाशक्ति बन सकेगा। भारत ही एक ऐसा देश हैं जहां सभी धर्मों के लोगों का सम्मान किया जाता है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि वह यहां रामकथा में केवल श्रोता के रूप में आए थे, लेकिन बापू जी के आदेश से मंच पर अपने विचार रखने का मौका मिला है। बापू के प्रवचन सुनते समय मैं सोच रहा था कि बापू सिर्फ धर्म का ही काम नहीं कर रहे हैं, बल्कि वह देशवासियों का मन भी बड़ा कर रहे हैं, जब तक मन बड़ा नहीं होगा, हम ज्ञान विज्ञान में उन्नति नही कर सकते। श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने पहली बार प्रत्यक्ष रूप से बापू की कथा सुनी है, अभी तक टीवी व सीडी पर सुनते रहे हैं, भविष्य में जहां भी बापू की श्रीराम कथा होगी पूरी कोशिश करेंगे कि वहां पहुंच सकें । कथा विराम के बाद दोपहर 2 बजे बेतवा तट पर बापू की कुटी में पहुंचकर राजनाथ सिंह ने उनके साथ भोजन ग्रहण किया और इसके बाद दिल्ली रवाना हो गए।