झांसी। मंदिर का शिखर तोड़े जाने के बाद दो पक्षों में बंटे जैन समाज के बीच आपसी सहमति बनाने की कोशिशें परवान चढ़ गईं हैं। समाज की बैठक में मंदिर के निर्माण के लिए इक्कीस सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया है। इसके बाद समाज के लोगों ने मंदिर का मलबा हटाने के लिए मंगलवार को कारसेवा भी की।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह शुक्रवार को करगुवां जी में मंदिर का शिखर तोड़ दिया गया था। एक पक्ष ने जीर्णोद्धार के लिए मंदिर का शिखर तोड़े जाने की बात कही थी, जबकि दूसरे पक्ष ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया था। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। इस घटना के बाद से जैन समाज दो पक्षों में बंटा नजर आ रहा था। समाज के सभी लोगों के बीच आपसी सहमति बनाने के लिए कोशिशें भी शुरू हो गईं थीं, जो रंग लाई हैं।
इस संबंध में कैलाश रेजीडेंसी स्थित जैन मंदिर में दिगंबर जैन पंचायत समिति और समाज के लोगों की बैठक हुई, जिसमें मंदिर निर्माण के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन हुआ। उन्होंने बताया कि जो विधिक कार्यवाही हुई है, उसे वापस लिया जाएगा। उनके अनुसार आर्यिका पूर्णमति माता जी ने कहा है कि भगवान के भव्य मंदिर निर्माण में सभी बढ़ चढ़कर सहयोग दें। इधर पंचायत के पूर्व महामंत्री कमल जैन ने बताया कि बैठक में सभी व्यवधान दूर किये गये। जो शिखर गिरा है, उसी के आकार का शिखर पुन: निर्मित होगा। बैठक के बाद जैन समाज के लोगों ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में कारसेवा की।