संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। सिंचाई विभाग स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में इरिगेशन डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता में सिंचाई यांत्रिक किंग्स इलेवन और बेतवा टाईटंस की टीमें विजयी हुईं।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिफ्ट वॉरियर्स टीम तुषार हैरिसन के 30 एवं भूपेंद्र वर्मा के 26 रनों की बदौलत 96 रन ही बना सकी। सिंचाई यांत्रिक किंग्स इलेवन के गेंदबाज मोहम्मद रेहान एवं लोकेश शाक्या ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। जवाब में सिंचाई यांत्रिक किंग्स इलेवन ने बल्लेबाज हमजा हुसैन के नाबाद 25, लोकेश शाक्या के 24 और मोहम्मद रेहान के 20 रनों की मदद से चार विकेट से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच केन बेतवा सकर्स बनाम बेतवा टाईटंस के बीच खेला गया। बेतवा टाईटंस के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। केन बेतवा टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजीव मार्य के 54 रनों की बदौलत निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 125 रन बनाए। बेतवा टाईटंस के गेंदबाज रजत और नेम सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में बेतवा टाईटंस ने बल्लेबाज दीपक के 24 गेंदों पर 72 रनों की बदौलत पांच विकेट शेष रहते हुए जीत हासिल की।
दीपक को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर मुख्य संरक्षक विनोद कुमार, संरक्षक विनय देव तिवारी, अध्यक्ष षष्टेश्वर नाथ, सचिव विकास राय, प्रबंधक हमजा हुसैन, उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, मीडिया प्रभारी अजय समाधिया, संगठन मंत्री अरविंद कुमार, कोषाध्यक्ष भारत भूषण पटैरिया आदि मौजूद रहे।