संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सिंचाई विभाग स्पोर्ट्स क्लब की ओर से आयोजित की जा रही इरीगेशन डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में इरीगेशन स्पोर्ट्स क्लब ललितपुर और सपरार राॅक स्टार टीमें विजयी रहीं। दोनों टीमों के बीच शुक्रवार को फाइनल मुकाबला होगा।
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच इरीगेशन स्पोर्ट्स क्लब ललितपुर और इरीगेशन राइजिंग स्टार के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इरीगेशन राइजिंग स्टार ने 160 रन बनाए। इरीगेशन स्पोर्ट्स क्लब ललितपुर के गेंदबाज अभिषेक शुक्ला ने चार और पुन्नीलाल ने तीन विकेट हासिल किए। जवाब में इरीगेशन स्पोर्ट्स क्लब ललितपुर के बल्लेबाज बद्री विश्वकर्मा के नाबाद 48, मनोज के 27 एवं जगभान के 26 रनों की पारी के बदौलत दो विकेट से जीत हासिल कर फाइनल मेें प्रवेश किया। इरीगेशन स्पोर्ट्स क्लब ललितपुर के खिलाड़ी पुन्नी लाल को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बेतवा टाइटंस और सपरार रॉक स्टार टीम के बीच खेला गया। सपरार रॉक स्टार के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सौरभ श्रीवास्तव के 51 गेंदों पर शानदार 124 रन बनाए। टीम ने आठ विकेट खोकर कुल 232 रन बनाए। बेतवा टाइटंस के गेंदबाज रजत यादव, नेमसिंह पाल एवं पवन ने दो दो विकेट प्राप्त किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेतवा टाइटंस की टीम ने 166 रन ही बना सकी। सपरार रॉक स्टार के गेंदबाज नजर अहमद एवं नितिश कुमार ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। सपरार रॉक स्टार के खिलाड़ी सौरभ श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।