झांसी। भारतीय डाक विभाग की ऑनलाइन सेवाओं में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के सबसे अधिक खाते झांसी मंडल में खोले गए हैं। पिछले दो साल में चार लाख से अधिक खाते खोलकर डाक विभाग ने रिकार्ड कायम किया है।
लोगोें को बेहतर सुविधाओं को मुहैया करने के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा एक सितंबर 2018 को देश भर में आईपीपीबी की शुरूआत की गई थी। योजना का उद्देश्य लोगों को घर बैठे ही लाभ पहुंचाना था। योजना के तहत मंडल के झांसी, ललितपुर व उरई में खाते खोलने के लिए जागरूक किया गया था। इसके अलावा डाक कर्मियों को भी अधिक से अधिक खाते खोलने के निर्देश जारी किए थे। वहीं, लॉक डाउन व कोरोना काल के दौरान लोगों को किसी भी बैंक में दस हजार रुपये तक जमा करने व निकालने की सुविधा को प्रदान किया गया था। जिसके तहत मंडल के झांसी में 118036, ललितपुर में 87007 व उरई में सबसे अधिक 198027 खातों सहित कुल 4,030,70 खातों को खोला गया है। जो प्रदेश भर से सबसे अधिक है।
इस संबंध में प्रवर डाक अधीक्षक उग्रसेन ने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के तहत प्रदेश भर में सर्वाधिक खातों को खोलने में झांसी मंडल ने प्रथम स्थान हासिल किया है। लॉकडाउन के दौरान लोगों ने योजना का जमकर लाभ लिया है।