झांसी। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की तरफ से राजकीय इंटर कॉलेज में 21 अक्तूबर को सुबह साढ़े दस बजे से मंडल स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें झांसी सहित देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां नॉन टेक्निकल और टेक्निकल पदों पर अभ्यर्थियों की भर्ती के लिए साक्षात्कार लेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक ने बताया कि मेले में जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, इंजीनियरिंग, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, कंप्यूटर और कृषि सहित सभी योग्यताधारी अभ्यर्थियों के लिए लगभग तीन हजार से अधिक पदों के लिए भर्ती होनी हैं। 18 से 50 साल आयु वर्ग के सभी पुरुष, महिला अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। मेले में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थियों को बायोडाटा, परिचय पत्र के साथ राजकीय इंटर कॉलेज में पहुंचकर पंजीकरण काउंटर पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।