झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में अब अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण ले सकेंगे। इसके लिए संस्थान के विस्तार भवन का विधि-विधान से भूमिपूजन कुलपति प्रो. जेवी वैशंपायन ने किया। आधुनिक व्यवस्थाओं के लिए 2.4 करोड़ व्यय होंगे।
प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रथम किस्त एक करोड़ बीस लाख मिल चुकी है, जिसके बाद से कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस निर्माण कार्य शुरू करेगी। प्रो. सुनील काबिया ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद होटल मैनेजमेंट की क्वांटिटी किचन, माइक्रो बायोलॉजी लैब, फूड टेस्टिंग लैब, कंफेक्शनरी, बैकरी, टेनिंग रेस्टोरेंट आदि का निर्माण होगा। इसमें होटल मैनेजमेंट के अभ्यर्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा शिक्षा प्रदान किया जाना संभव होगा। बताया कि वर्तमान में पर्यटन व्यवसाय के बढ़ते महत्व एवं इस व्यवसाय में रोजगार की अपार संभावनाओं को देखते हुए एकीकृत होटल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम की आवश्यकता के अनुरूप प्रयोगशालाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्राप्त अनुदान की सहायता से इन प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिसका शिलान्यास 20 सितंबर 2018 को राज्यपाल रामनाईक ने किया था।
इस मौके पर प्रो. सीबी सिंह, प्रो. प्रतीक अग्रवाल, प्रो. अपर्णा राज, प्रो. देवेश निगम, प्रो. अर्चना वर्मा, डा. यशोधरा शर्मा, डॉ. रामवीर सिंह, डॉ. पुनीत बिसारिया, डॉ. मुन्ना तिवारी, डॉ. अंकित श्रीवास्तव, डॉ. कमलेश सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।