इंटर्न डॉक्टर को 'भइया' बोलना भारी पड़ा
- फोटो : अमर उजाला
मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में एक इंटर्न डॉक्टर को 'भइया' कहना भारी पड़ गया। संबोधन सुनते ही इंटर्न भड़क गया और कंप्यूटर ऑपरेटर को हिदायत दे डाली कि 'भइया नहीं, मुझे बॉस बोलो' । बात इतनी बढ़ गई कि इंटर्न ने फोन कर अपने पांच-छह साथियों को बुला लिया। बाद में लैब इंचार्ज और विभागाध्यक्ष ने मामला शांत कराया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों रजिस्ट्रेशन ऑपरेटरों से अभद्रता की और कॉलर पकड़कर उन्हें केबिन से बाहर खींच लिया। लैब इंचार्ज और विभागाध्यक्ष के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। इस दौरान रजिस्ट्रेशन का काम भी प्रभावित रहा और मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वर्ष 2021-22 बैच का एक इंटर्न मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचा। उस समय मरीजों की जांच के लिए लंबी कतार लगी थी।
इंटर्न ने बंद दरवाजा खोलने को कहा। इस पर वहां मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर ने जवाब दिया, 'भइया, दरवाजा खोल रहा हूं। पहले हाथ में मौजूद मरीज की जांच पर्ची बना लूं।' आरोप है कि यह सुनते ही इंटर्न तमतमा गया। दरवाजा खुलने पर उसने ऑपरेटर से कहा, 'भइया नहीं, मुझे बॉस बोलो'।
बीचबचाव करने पर दूसरे ऑपरेटर से भी अभद्रता
पास में बैठे दूसरे कंप्यूटर ऑपरेटर ने बीचबचाव करने का प्रयास किया तो इंटर्न ने उससे भी अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद उसने फोन करके अपने पांच-छह साथियों को बुला लिया। उनके साथ वर्ष 2023-24 बैच का एक मेडिकल छात्र भी पहुंच गया। ऑपरेटरों के मुताबिक, इसके बाद सभी ने अभद्रता की और कॉलर पकड़कर केबिन से बाहर खींच लिया।