झांसी। झांसी विधानसभा की चारों विधानसभा में बबीना विधानसभा में रोचक मुकाबला देखने को मिला। भाजपा उम्मीदवार राजीव सिंह पारीछा एवं सपा उम्मीदवार यशपाल सिंह पारीछा के बीच करीब हर राउंड में टक्कर हुई लेकिन, भाजपा उम्मीदवार हर चरण में बढ़त बनाने में कामयाब रहे और आखिरी राउंड में 44 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल करने में कामयाब रहे। बसपा उम्मीदवार दशरथ राजपूत शुरू से आखिरी तक तीसरे नंबर पर ही बने रहे।
प्रथम चरण की मतगणना में भाजपा को 5151 वोट मिले जबकि सपा उम्मीदवार यशपाल सिंह यादव को 3234 एवं दशरथ को महज 750 वोट हासिल हुए। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बनानी शुरू की। दसवें चरण तक भाजपा-सपा के बीच अंतर बढ़कर 19818 वोटों का हो गया। इसके बाद यशपाल ने वापसी की। 14वें चरण में यशपाल को 3779 वोट जबकि राजीव को 2819 वोट हासिल हुए। यशपाल ने कुछ अंतर मिटाने की कोशिश की लेकिन, 15 वें चरण से राजीव ने तेज बढ़त बनानी शुरू कर दी। इसके बाद हर चरण में भाजपा उम्मीदवार आगे निकलते चले गए। 18वें चरण की गिनती के बाद राजीव की बढ़त 25 हजार से अधिक की हो गई। हर चरण की गिनती में भाजपा को अधिक वोट मिल रहे थे। राजीव को सबसे अधिक 17वें चरण में 5406 वोट मिले जबकि सपा उम्मीदवार को 11वें चरण में सर्वाधिक 3529 वोट मिले। आखिरकार तीसवें रांउड में राजीव 44529 वोट से जीत हासिल करने में कामयाब रहे। उधर, बसपा उम्मीदवार दशरथ राजपूत कहीं भी लड़ाई में नहीं दिखे। कांग्रेस उम्मीदवार चंद्रशेखर तिवारी की भी बुरी दशा रही। कई रांउड में उनको दहाई से भी अधिक वोट नहीं मिले।