झांसी। यदि आपको प्राणियों के बारे में गहराई से जानने की इच्छा है तो जूलॉजी की पढ़ाई आपका कॅरियर बना सकती है। ये जीव विज्ञान की ऐसी शाखा है, जिसमें मछली, पक्षियों, कीट-पतंगों और स्तनधारियों सहित जानवरों का वैज्ञानिक अध्ययन होता है। यह संरचना, शरीर रचना, विशेषताओं, व्यवहार, वितरण, पोषण की विधि, शरीर विज्ञान, आनुवंशिकी और पशु प्रजातियों के विकास को शामिल करता है। ऐसे में बीयू से कोर्स करने के इच्छुक छात्र-छात्राएं दस अगस्त तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
जूलॉजी का अध्ययन करते समय आप समुद्री जीवों, चिड़िया घर के जानवरों, जंगली और यहां तक कि घरेलू पालतू सहित जानवरों के जीव विज्ञान और आनुवंशिकी का अध्ययन करते हैं। ऐसे में अगर आप भी इनके बारे में विस्तार से जानना चाहते हैं तो बतौर जूलॉजिस्ट बनकर ऐसा कर सकते हैं। जूलॉजिस्ट का मुख्य काम जानवरों के व्यवहार, विशिष्ट विशेषताओं और उनमें विकासवादी प्रवृत्तियों का अध्ययन करना होता है। जूलॉजिस्ट को पशु जीव विज्ञानी या वैज्ञानिक भी कहा जाता है। बीयू के जंतु विज्ञान विभाग के समन्वयक डॉ. जेपी यादव ने बताया कि यह एक बेहद विस्तृत क्षेत्र है और विभिन्न क्षेत्रों से संबंध रखने वाले जूलॉजिस्ट को अलग-अलग नामों से जाना जाता है। मसलन, पक्षियों के अध्ययन में विशेषज्ञता वाले जूलॉजिस्ट्स को ऑर्निथोलॉजिस्ट कहा जाता है। वहीं, मछली का अध्ययन करने वाले को आइकथोलॉजिस्ट के रूप में जाना जाता है। इसी तरह जो जूलॉजिस्ट्स जो उभयचरों और सरीसृपों का अध्ययन करते हैं, उन्हें हेरपेटोलॉजिस्ट नाम से जाना जाता है। स्तनधारियों से जुड़े लोगों को मैमलॉजिस्ट कहा जाता है। उनके कार्यक्षेत्र में जानवरों, पक्षियों, स्तनधारियों, कीड़े, मछलियों और कीड़े के पहलुओं पर रिपोर्ट तैयार करना और उन्हें विभिन्न स्थानों पर प्रबंधित करना है। ज़ूलॉजिस्ट डीएनए पहचान सहित उच्च तकनीक के सभी प्रकार के क्षेत्र में और प्रयोगशाला में काम करते हैं और वे जानकारी के डेटा बैंक विकसित करते हैं। समन्वयक ने बताया कि विभाग में उच्च श्रेणी की रिसर्च की सुविधा उपलब्ध है। विभाग में डीएसटी द्वारा कई प्रोजेक्ट मिले हैं।
स्नातक पास के लिए कोर्स
.....................................
कोर्स का नाम: एमएससी जूलॉजी
योग्यता: बायोलॉजी से 50 प्रतिशत से स्नातक
चयन प्रक्रिया: प्रवेश परीक्षा
अवधि: दो साल
सीट: 90, फीस: 25500
इंटरमीडिएट पास के लिए कोर्स
...........................................
कोर्स का नाम: बीएससी बायो ग्रुप
योग्यता: 45 फीसदी से बायो से इंटर पास
चयन प्रक्रिया: सीधे प्रवेश
अवधि: तीन साल
सीट: 180, फीस: 13200