मंगेतर की बेवफाई से दुखी युवक ने दी जान।
- फोटो : अमर उजाला
समथर के साकिन गांव निवासी पंकज कुशवाहा (22) ने शादी से पांच दिन पहले फंदा लगाकर जान दे दी। सोमवार सुबह उसका शव गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर पीपल के पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्त और मंगेतर के बीच संबंध का उसे पता चल गया था। इस दगाबाजी से दुखी होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। शव के पास एक पत्थर में तीन मोबाइल नंबर भी लिखे मिले। इनमें से दो नंबर उसके दोस्त के एवं एक नंबर उसकी मंगेतर का था। पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। शादी वाले घर में मातम पसर गया।
साकिन गांव निवासी पंकज घर में किराना की दुकान चलाता था। करीब एक साल पहले उसकी शादी भांडेर निवासी युवती से तय हुई थी। 21 फरवरी को बरात जानी थी। 20 फरवरी को घर में दावत थी। परिजनों ने बताया कि रविवार को पंकज चिरगांव में शादी के कार्ड देने गया था। शाम को लौटने के बाद से गुमसुम था। खाना खाकर कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह वह कमरे में नहीं मिला। कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। काफी देर तक पता न चलने पर परिजन तलाश करने लगे। गांव के बाहर करीब 500 मीटर दूर अंजनी माता मंदिर के पास पीपल के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। समथर पुलिस और फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया।
शव को उतारने पर जेब से कई कागज बरामद हुए। उनमें दुकान का हिसाब-किताब समेत कई मोबाइल नंबर लिखे थे। परिजनों का कहना है कि पेड़ के पास मौजूद पत्थर पर पंकज ने मंगेतर एवं दोस्त के बीच संबंध होने की बात लिखी थी। पंकज को यह बात उसके ही दोस्त ने बताई थी। पत्थर पर उन तीनों के मोबाइल नंबर दर्ज थे। हालांकि पुलिस पत्थर पर किसी तरह की बात लिखे होने से इनकार कर रही है। समथर थानाध्यक्ष अतुल कुमार का कहना है कि पत्थर पर सिर्फ नंबर लिखे मिले। दोनों के बीच संबंध की बात पत्थर पर लिखी नहीं मिली।