झांसी। विधान परिषद की झांसी-जालौन-ललितपुर सीट पर पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, लेकिन मंगलवार को जांच के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है। अब इस सीट पर चार प्रत्याशी मैदान में है। प्रत्याशियों को बृहस्पतिवार को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा।
विधान परिषद चुनाव में भाजपा से रमा निरंजन, सपा से श्यामसुंदर सिंह समेत निर्दलीय सिविल लाइन निवासी दातार सिंह, उरई के गांधी नगर निवासी तेज प्रताप सिंह व झांसी के ग्राम चमरौआ निवासी इंदर सिंह ने नामांकन किया था। नामांकन के लिए प्रत्येक प्रत्याशी के साथ 10 प्रस्तावकों का होना जरूरी था, लेकिन, इंदर सिंह अपने साथ एक प्रस्तावक भी नहीं लाए थे। इसके लिए उन्हें मंगलवार को सुबह 11 बजे तक का मौका दिया गया था, पर तय मियाद गुजर जाने के बाद भी वे प्रस्तावक इकट्ठा नहीं कर पाए, जिससे उनका नाम निर्देशन पत्र से निरस्त कर दिया गया है। वहीं, तेज प्रताप सिंह के फॉर्म में भी कमियां थीं, जिन्हें उन्होंने दूर कर लिया। प्रत्याशियों को बृहस्पतिवार को नाम वापसी का मौका दिया जाएगा।