एक सप्ताह तक चले मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के दौरान जिले भर में 32 हजार मतदाताओं ने अपने नाम जुड़वाए हैं। बूथ लेबल अफसरों के नहीं मिलने के कारण समझो अथवा धूप खाए बिना सीधे ऑनलाइन नाम जुड़वाने के लिए 11,300 मतदाता सामने आए हैं। नगर पंचायत गरौठा में सबसे कम मतदाताओं ने नाम जुड़वाने में रुचि दिखाई।
एक सप्ताह तक चले मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य के दौरान पहले तो बूथ लेबल आफीसर पोलिंग बूथ पर नहीं मिले, जैसे-तैसे मतदाता सूचियां प्रकाशित हुई तो उनमें भारी गड़बड़ियां पाई गईं। ऐसी कई सूचियां रहीं, जिनमें मुहल्ले के मुहल्ले गायब हो गए। बड़ागांव गेट बाहर की मतदाता सूची में सत्यम कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों की मतदाता सूची में एक हजार मतदाताओं के नाम गायब हैं। हालांकि, शिकायतें आने के बाद अब सूचियां सही की जा रही हैं। अभियान पूरा होने के बाद जिले भर की रिपोर्ट तैयार हो गई हैं।
जानिये, कहां कितनों ने भरे कौन से फार्म
रिपोर्ट के मुताबिक नगर निगम झांसी में 10,296 मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए परिवर्धन फार्म भरा। 217 लोगों ने वार्ड से अपना नाम हटवाने के लिए विलोपन फार्म भरा और 108 मतदाताओं ने नाम अथवा पता सही कराने के लिए संशोधन फार्म भरा। क्षेत्र में बीएलओ नहीं मिलने पर 11,300 लोगों ने ऑनलाइन फार्म भरे। मोंठ तहसील में नगर पालिका चिरगांव, नगर पंचायत मोंठ और नगर पालिका समथर में कुल मिलाकर 1,000 परिवर्धन फार्म, 225 विलोपन फार्म और 95 संशोधन फार्म भरे गए। टहरौली में 166 परिवर्धन, 54 विलोपन और 31 संशोधन फार्म भरे गए। नगर पालिका मऊरानीपुर, नगर पंचायत रानीपुर और कटेरा में 2,641 परिवर्धन फार्म, 494 विलोपन फार्म और 219 संशोधन फार्म भरे गए। नगर पंचायत गरौठा में 244 परिवर्धन, 32 विलोपन और 23 संशोधन, नगर पालिका गुरसराय में 1,013 परिवर्धन, 204 विलोपन और 70 संशोधन, नगर पंचायत एरच में 546 परिवर्धन, 313 विलोपन और 16 संशोधन फार्म, नगर पंचायत बड़ागांव में 120 परिवर्धन, 20 विलोपन और 05 संशोधन और नगर पालिका बरुआसागर में 1,248 परिवर्धन, 146 विलोपन फार्म और 62 संशोधन फार्म भरे गए। कुल मिलाकर 31,809 परिवर्धन, 1,913 विलोपन और 665 संशोधन फार्म भरे गए।
ब्योरा चुनाव आयोग को भेजा
मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में जहां जितने मतदाताओं ने नाम जुड़वाए अथवा संशोधित कराए हैं। उनका ब्योरा तैयार कर निर्वाचन आयोग को भेज दिया गया है। कुछ स्थानों से अभी रिपोर्ट आनी बाकी है।
समर सिंह
सहायक जिला निर्वाचन (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अधिकारी
सूची में सुधार किया जाए
झांसी। वार्ड नंबर 41 बाहर दतिया गेट प्रथम के मुहल्लावासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि वार्ड की मतदाता सूची में भाग संख्या 247, 252 और 253 बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। इसकी जांच कराई जाए और मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं। इस मौके पर मो. अकरम, सगीर उद्दीन, इसरार, आबिद, समीर उपस्थित रहे। इसी तरह पूर्व पार्षद अखलाक मकरानी ने ज्ञापन देकर वार्ड का परिसीमन फिर से करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारियों ने बिना फील्ड में जाए ही परिसीमन कर दिया है।
गायब हैं मतदाताओं के नाम
झांसी। वार्ड नंबर 50 डड़ियापुरा प्रथम की मतदाता सूची से बहुत से नाम गायब होने की शिकायत करते हुए नीरज गुप्ता ने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। उन्होंने बताया कि सूची मेें डेढ़ सौ परिवारों से अधिक नाम गायब हैं। अब कोई नहीं सुन रहा है। उन्होंने मतदाता सूची सही कराने की मांग की है।