पुलिस महानिरीक्षक (रूल्स एंड मैनुअल) अमिताभ ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कानून बहुत पुराना है। यह देश की आजादी की पहले की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बनाया गया था। लेकिन, तब से अब तक हालात काफी बदल चुकी हैं। ऐसे में कानून में बदलाव कर इसे वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार बनाया जाना जरूरी है। इसके लिए सरकार को सुझाव दिए जा रहे हैं।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी ने कहा कि अब क्राइम के तरीके बदल गए हैं। आतंकवाद, साइबर अपराध जैसी चीजें सामने आ रही हैं। लेकिन, वर्तमान कानून में इन चुनौतियों से निपटने के लिए ज्यादा विवरण नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस दबाव में है, जिसकी वजह से वह अपनी क्षमता का पचास फीसदी ही दे पा रही है। काम की अधिकता की वजह से चिड़चिड़ापन आ जाता है। पुलिस के लिए भी छुट्टी का प्रावधान होना चाहिए। कानून को वर्तमान जरूरतों के अनुसार बनाए जाने की दिशा में कोशिशें की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि वह ग्वालियर से लखनऊ जाते समय कुछ समय के लिए झांसी में रुके थे।