झांसी। शुक्रवार को प्रेमी के साथ जा रही महिला को उसके पति ने पकड़ लिया। पति की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और तीनों को चौकी ले आई। बाद में समझाबुझाकर तीनों की वापसी कर दी गई। इस दरम्यान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
गुरसराय निवासी ट्रक ड्राइवर की कुछ साल पहले शादी कटेरा की एक युवती से हुई थी। बाद में दोनों के बच्चा भी हुआ। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई। आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी अपने पति को छोड़ झांसी आकर कसाई मंडी के पास रहने लगी। साथ में बच्चे को भी ले आई। कुछ समय पहले फेसबुक के जरिये उसकी दोस्ती हरियाणा के भिवानी जिले के एक व्यक्ति से हुई। बातचीत परवान चढ़कर प्यार में तब्दील हो गई और युवती ने प्रेमी के साथ हरियाणा जाने का फैसला कर लिया। शुक्रवार की दोपहर महिला को लेने के लिए उसका प्रेमी झांसी आया था। इसकी भनक उसके पति को लग गई और वो बस स्टैंड पहुंच गया। इससे पहले की महिला प्रेमी के साथ निकल पाती, पति ने पकड़ लिया और सूचना डायल 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को मंडी चौकी ले आई। यहां से समझाबुझाकर तीनों को वापस कर दिया गया। इस दरम्यान वहां हंगामे की स्थिति बनी रही।